Mathura News : ईद के दिन उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के छाता क्षेत्र में गोरक्षक बाबा चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक से कुचलकर मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना से आक्रोशित गोरक्षकों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव की भी खबर सामने आई है।
बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के करीब 4 बजे बाबा चंद्रशेखर अपनी टीम के साथ गो-तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए हाईवे पर सक्रिय थे। इसी दौरान उन्होंने एक कंटेनर का पीछा किया, जिसमें कथित तौर पर गोवंश ले जाया जा रहा था। आरोप है कि नवीपुर के पास गो-तस्करों ने उन्हें वाहन से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में गोरक्षक और ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने बाबा के शव को लेकर छाता कट के पास हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।
नाराज गोरक्षकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ “एनकाउंटर” जैसी कठोर कार्रवाई की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। डीएम और एसएसपी समेत भारी पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है ताकि अन्य आरोपियों को पकड़ा जा सके।
बाबा चंद्रशेखर महाराज का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला में लाया गया, जहां बड़ी संख्या में समर्थक और ग्रामीण एकत्रित हैं। ब्रज क्षेत्र में अपनी निडर छवि और गौ-सेवा के लिए प्रसिद्ध बाबा की मौत से लोगों में गहरा आक्रोश और शोक है। प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, जबकि हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




