जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2624वें जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर सोमवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया।
सुबह करीब 9 बजे श्री पारसनाथ दिगंबर जैन सोसायटी के तत्वावधान में यह शोभायात्रा आर्य नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर से शुरू हुई। रथ पर भगवान महावीर स्वामी का आकर्षक छायाचित्र विराजमान था, जिसकी एक झलक पाने के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
रास्तेभर हुआ भव्य स्वागत
शोभायात्रा का मार्ग में कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। अग्रवाल भवन ट्रस्ट, बक्शीपुर में श्री पीयूष जैन, अग्रसेन तिराहे पर श्री मनीष जैन तथा विजय चौराहे के पास राय रविंद्र जैन और श्री पदम अग्रवाल द्वारा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। इस दौरान लोगों को शीतल पेय भी वितरित किए गए।
छात्राओं और महिलाओं ने बढ़ाई शोभा
विशेष आकर्षण के रूप में चंद्रकांति रमावती आर्य महिला महाविद्यालय की शिक्षिकाओं और NSS व NCC की छात्राओं ने भी शोभायात्रा में भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। वहीं, समाज की महिलाएं और पुरुष भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, जिससे पूरे वातावरण में उल्लास और श्रद्धा का संगम देखने को मिला।
पूरे शहर में गूंजे जयकारे
शोभायात्रा आर्य नगर चौक, बक्शीपुर, जुबली चौक, अग्रसेन तिराहा और विजय चौराहा सहित विभिन्न मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं ने थालियों में पूजन सामग्री लेकर भगवान की आरती उतारी और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन और पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडे ने भी भगवान की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शोभायात्रा के समापन पर मंदिर पहुंचकर भगवान महावीर स्वामी का 108 रजत कलशों से अभिषेक पूजन और पालना कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी और अंतरराष्ट्रीय भजन गायक राकेश श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन प्रीतिभोज के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में ज्ञानेंद्र जैन, रोहित जैन, गौरव जैन, अभिनंदन जैन, सुधीर जैन, प्रखर जैन, वर्धमान जैन, राजीव जैन, अभिषेक जैन, आशीष जैन, प्रवीण श्रीवास्तव, जितेंद्र सैनी, महावीर जैन सहित अनेक सामाजिक और व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




