बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच जनता दल (यू) ने खगड़िया विधानसभा क्षेत्र संख्या 149 से अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने जिले के जदयू अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल को NDA समर्थित उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है। इस घोषणा के साथ ही खगड़िया जिले में उत्साह और उमंग का माहौल बन गया है। समर्थक और कार्यकर्ता बधाई देने उनके आवास और पार्टी कार्यालय पहुंच रहे हैं। जिलेभर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का स्वागत करते हुए नीतीश कुमार और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।
जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने इस मौके पर कहा कि बबलू मंडल को उम्मीदवार बनाना पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की दूरदर्शिता और संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, राष्ट्रीय महासचिव (पूर्व IAS) मनीष वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, कार्यकारी अध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष ललन शर्राफ, पूर्व मंत्री और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार तथा प्रवक्ता परिमल कुमार के नेतृत्व की सराहना की। शास्त्री ने कहा कि पार्टी ने हमेशा जमीनी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी है, और यह निर्णय उसी परंपरा की मिसाल है।
“खगड़िया सीट जीतकर NDA की झोली में डालना हमारा संकल्प” – जदयू प्रवक्ता
आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि पार्टी के इस फैसले से पूरे जिले के कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अब पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ चुनाव प्रचार में उतरेंगे। उनका स्पष्ट संदेश था, “खगड़िया सीट जीतकर NDA की झोली में डालना हमारा संकल्प है।” शास्त्री ने यह भी कहा कि बबलू मंडल ने अपने संगठनात्मक कार्यों और जनसेवा से पार्टी में अलग पहचान बनाई है। वह हमेशा से आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे हैं, जिससे जनता का भरोसा उन पर मजबूत है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार खगड़िया विधानसभा क्षेत्र से NDA को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। शास्त्री ने कहा कि यह चुनाव केवल एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि संगठन, कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास की जीत होगी। उन्होंने सभी जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे “सुशासन” के संकल्प के साथ हर बूथ और हर गांव तक पहुंचें ताकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास की नीतियों को जनता तक पहुंचाया जा सके।
कार्यकर्ताओं और NDA नेताओं ने दी बधाई, कहा- जीत निश्चित
बबलू मंडल की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद पूरे जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं और एनडीए सहयोगी दलों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर जदयू के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार फोगला, शंभू झा, नीलम वर्मा, अनुज शर्मा, मनोज कुमार सिंह (मथुरापुर), राजेश सिंह मुखिया, सिद्धांत सिंह छोटू, रंजन कुमार, अंगद कुमार, कमल किशोर पटेल समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बबलू मंडल को शुभकामनाएं दीं।
वहीं, एनडीए के घटक दलों ने भी बबलू मंडल की उम्मीदवारी का स्वागत किया। भाजपा जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न भगत ने कहा कि “बबलू मंडल एक ईमानदार और जनता से जुड़े हुए नेता हैं, जो निश्चित रूप से इस सीट पर NDA को जीत दिलाएंगे।” उन्होंने कहा कि यह फैसला NDA की एकजुटता और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ को और सशक्त करेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की।
खगड़िया में बबलू मंडल की उम्मीदवारी को स्थानीय राजनीति के लिए निर्णायक माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जदयू ने एक ऐसे नेता पर दांव लगाया है, जिनकी पकड़ न सिर्फ संगठन में बल्कि जनता के बीच भी गहरी है। उनके सामने चुनौती भले कठिन हो, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह और नेतृत्व का समर्थन यह संकेत दे रहा है कि खगड़िया से एनडीए की राह इस बार और भी मजबूत होगी।