Hindi News / State / Bihar / Bihar News : CM मोहन यादव का विवादित बयान, राहुल गांधी को डूब मरने की कही इच्छा

Bihar News : CM मोहन यादव का विवादित बयान, राहुल गांधी को डूब मरने की कही इच्छा

CM Mohan Yadav addresses public rally in West Champaran, Bihar | Bihar News

बिहार विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी और विपक्षी पार्टियों के बीच प्रचार युद्ध तेज हो गया है। शुक्रवार को पश्चिम चंपारण के शेरा बाजार खेल मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला किया। यादव ने कहा, “राहुल गांधी और कांग्रेस को डूब मरना चाहिए। विदेश में जाकर देश का अपमान करते हैं और सेना के पराक्रम पर सबूत मांगते हैं।”

मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों का भी गुणगान किया। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देश का सर्वोच्च पद दिलाया और महादलित आयोग बनाया। साथ ही, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का श्रेय भी पीएम मोदी को दिया। CM ने कहा कि ऐसे नेताओं को चुनना चाहिए जो देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमेशा खड़े रहें।

कांग्रेस-राजद पर निशाना

मोहन यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद सिर्फ वादे करने वाली पार्टियां हैं। उनके अनुसार, ये पार्टियां जनता के भरोसे और राष्ट्रहित के मुद्दों को नजरअंदाज करती हैं, जबकि भाजपा विकास, रोजगार और जनहित के काम में लगी रहती है।

मंच पर मौजूद केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से सरकार बनेगी। उन्होंने शिक्षा, सड़क और बिजली जैसी सुविधाओं का जिक्र करते हुए बताया कि 2005 से पहले बिहार में बच्चे स्कूल नहीं जाते थे, लेकिन नीतीश कुमार के आने के बाद शिक्षा-व्यवस्था में सुधार हुआ। उन्होंने साइकिल योजना का उदाहरण देते हुए बताया कि आज बच्चे ट्रिन-ट्रिन करते हुए स्कूल पहुंचते हैं।

इस दौरान भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने जदयू के पूर्व मंत्री खुर्शीद फिरोज अहमद पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि 2020 में भाजपा ने चुनाव प्रचार जोर-शोर से किया, लेकिन सिकटा विधानसभा क्षेत्र में प्रचार नहीं हुआ क्योंकि वहां “नकामा लूटेरा” प्रत्याशी खड़ा था। सांसद ने चेतावनी दी कि जनता अब ऐसे नेताओं की असली छवि पहचान चुकी है और विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर ही ध्यान दे रही है।

Share to...