फिल्म धुरंधर 2 को लेकर मेकर्स ने प्रीमियर शो पर बड़ा दांव लगाया था, लेकिन रिलीज से ठीक पहले फिल्म को तगड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेलुगु और तमिल वर्जन के प्रीमियर शो कैंसिल कर दिए गए हैं, जबकि हिंदी वर्जन तय समय के अनुसार आज, 18 मार्च को रिलीज होगा।
जिन दर्शकों ने इन भाषाओं में एडवांस टिकट बुक किए थे, उन्हें BookMyShow की ओर से रिफंड शुरू होने के मैसेज मिलने लगे हैं, जिससे फैंस में नाराजगी साफ देखी जा रही है।
ट्रेड एनालिस्ट के अनुसार, “धुरंधर 2 का तेलुगु कंटेंट अभी तक डिस्ट्रीब्यूटर्स तक नहीं पहुंचा है, जिसके चलते प्रीमियर शो कैंसिल करने पड़े। तमिल वर्जन के साथ भी यही स्थिति है। फिलहाल सिर्फ हिंदी वर्जन के प्रीमियर ही आज हो पाएंगे।”
बताया जा रहा है कि फिल्म के सबटाइटल्स और कंटेंट समय पर तैयार नहीं हो पाए, जिसके कारण रिलीज में देरी हुई। उम्मीद है कि यह कंटेंट शाम तक या गुरुवार सुबह तक पहुंच सकता है।
ग्राउंड लेवल पर भी इस खबर की पुष्टि हो रही है। नोएडा समेत कई शहरों में सिनेमाघरों ने तेलुगु और तमिल शो हटा दिए हैं और सिर्फ हिंदी वर्जन को ही शेड्यूल में रखा है।
पहले प्लान के मुताबिक, फिल्म के प्रीमियर शो आज दोपहर 3 बजे देशभर में होने थे, लेकिन अब साफ है कि साउथ की भाषाओं में यह फिल्म 19 मार्च से पहले रिलीज नहीं होगी।
इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा फूट पड़ा है। एक यूजर ने लिखा, “इस देरी के लिए जिम्मेदार कौन है-जियो स्टूडियोज या CBFC?” वहीं दूसरे यूजर ने तुलना करते हुए कहा कि इतनी बड़ी फिल्म के साथ ऐसी समस्या नहीं होनी चाहिए थी।
कुछ दर्शकों ने यह भी सुझाव दिया कि अगर डब्ड वर्जन तैयार नहीं है, तो आज के लिए हिंदी वर्जन ही दिखाया जाए।
इसी बीच मेकर्स ने दर्शकों से अपील की है कि फिल्म से जुड़ी जानकारी लीक न करें और स्पॉइलर्स से बचें। साथ ही, उन्होंने फ्रेंचाइजी के तीसरे पार्ट की भी हल्की झलक दी है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।




